स्पोर्ट्स डेस्क1 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
![](https://i0.wp.com/images.bhaskarassets.com/web2images/521/2024/05/11/untitled-design-2024-05-11t162710284_1715425036.jpg?resize=696%2C522&ssl=1)
दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत पर IPL के इस सीजन में तीन मैचों में स्लो ओवर-रेट के लिए शनिवार को एक मैच का बैन लगाया गया। यह फैसला वर्चुअल सुनवाई के बाद लिया गया।
दरअसल, दिल्ली कैपिटल्स ने 7 मई को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ, 3 अप्रैल को कोलकाता नाइटराइडर्स (KKR) के खिलाफ और 21 मार्च को चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के खिलाफ स्लो ओवर किए थे। इस वजह से पंत कप्तान के तौर पर IPL कोड ऑफ कंडक्ट के उल्लंघन के दोषी पाए गए।
![](https://i0.wp.com/images.bhaskarassets.com/web2images/521/2024/05/11/ipl-2024_1715429635.jpg?resize=696%2C522&ssl=1)
3 मैचों में पंत पर 3 बार जुर्माना
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 30 लाख रुपए का जुर्माना लगा।
कोलकाता नाइटराइडर्स (KKR) के खिलाफ 24 लाख रुपए का फाइन लगा।
चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के खिलाफ 12 लाख रुपए का जुर्माना लगा।
अब समझिए IPL में स्लो ओवर रेट होने पर फाइन का नियम
IPL की स्लो ओवर रेट से जुड़ी आचार संहिता के तहत अगर किसी टीम का कप्तान पहली बार दोषी पाया जाता है तो उस पर 12 लाख रुपए का जुर्माना लगता है। अगर सीजन में दूसरी बार उस कप्तान से स्लो ओवर रेट का अपराध होता है, तो 24 लाख रुपए का जुर्माना लगाया जाता है। तीसरी बार गलती हुई, तो कप्तान पर एक मैच का बैन और 30 लाख रुपए जुर्माना लगता है।
![ऋषभ पंत ने इस सीजन 12 मैचों में 413 रन बनाए हैं।](https://i0.wp.com/images.bhaskarassets.com/web2images/521/2024/05/11/pa_1715425305.jpg?resize=696%2C464&ssl=1)
ऋषभ पंत ने इस सीजन 12 मैचों में 413 रन बनाए हैं।
DC प्लेऑफ की रेस में बरकरार
दिल्ली अभी भी प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है। दिल्ली 12 मैचों में 12 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में पांचवें नंबर पर है। दिल्ली कैपिटल्स को अगले मैच में रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से भिड़ना है। 12 मई को खेले जाने वाले इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स टीम पंत के बिना उतरेगी।
![](https://i0.wp.com/images.bhaskarassets.com/web2images/521/2024/05/11/poi_1715425211.jpg?resize=512%2C575&ssl=1)
इसलिए हुई वर्चुअल सुनवाई
IPL कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 8 के अनुसार, दिल्ली कैपिटल्स ने मैच रेफरी के फैसले को चुनौती देते हुए अपील दायर की थी। इसके बाद अपील को समीक्षा के लिए BCCI लोकपाल के पास भेजा गया। लोकपाल ने इसके बाद इस मामले की वर्चुअल सुनवाई की। जिसमें मैच रेफरी का निर्णय अंतिम और बाध्यकारी माना गया।