37 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

बीजेपी ने पिछले दिनों बिहार की 17 सीटों पर लोकसभा उम्मीदवारों की सूची जारी की थी। इस सूची में 4 पुराने चेहरों का टिकट काटा गया था। इनमें से एक नाम अश्विनी चौबे का था। बताया गया कि अश्विनी चौबे के खिलाफ क्षेत्र में भारी एंटी इनकंबेसी थी और इस कारण उन्हें बेटिकट कर दिया गया।

  • अश्विनी चौबे की जगह भाजपा ने मिथलेश तिवारी को बक्सर से उम्मीदवार बनाया है। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो मे अश्विनी चौबे फूट-फूटकर रोते दिखाई देते हैं।
  • दावा किया जा रहा है कि बक्सर से टिकट कटने से दुखी अश्विनी चौबे इतने भावुक हो गए कि फूट-फूटकर रोने लगे। इस दावे से जुड़े ट्वीट्स हमें कई वेरिफाइड और नॉन वेरिफाइड एक्स अकाउंट्स पर देखने को मिले।

आरजेडी से जुड़े आलोक चिक्कू नाम के एक वेरिफाइड यूजर ने ट्वीट किया- अश्विनी चौबे के एक एक आंसू का बदला लेगा ब्राह्मण समाज, भाजपा ने अश्विनी चौबे का टिकट काटकर बिहार के ब्राह्मणों का अपमान किया है।ब्राह्मण समाज स्वाभिमानी समाज है वो ऐसी पार्टी को कभी वोट नहीं करेगा जिसने उसके प्रिय नेता को सार्वजनिक जगह पर रोने को मजबूर कर दिया हो। (अर्काइव ट्वीट)

देखें ट्वीट:

Rofl Lalu नाम के वेरिफाइड एक्स अकाउंट ने ट्वीट किया-

बक्सर से अश्विनी चौबे का टिकट काट दिया गया । चौबे जी रो रहे हैं, बहुत आहत हैं लेकिन मजाल है जो पार्टी के खिलाफ बगावत कर दें या किसी और पार्टी की तरफ मुंह कर लें। बगावत तो बहुत दूर की बात है, शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ एक शब्द भी नहीं बोल पाएंगे। 1-2 दिन में चौबे जी का बयान आएगा कि वो ऐक्टिव पॉलिटिक्स से संन्यास ले रहे हैं ।

गौतम गंभीर , हर्षवर्धन , वीके सिंह और जितने भी मौजूदा सांसदों के टिकट काटे गए, अधिकतर लोगों का यही बयान आया है। आप इसे अनुशासन बोल सकते हैं लेकिन यह अनुशासन नहीं डंडा है। अगर पार्टी के खिलाफ कुछ बोले तो अभी तो सिर्फ टिकट ही कटा है , बाद में मॉर्निंग वॉक भी मुश्किल हो जाएगी। इसके बाद भी आपको लगता है कि देश में लोकतंत्र है ?? फिर तो आपने लोकतंत्र की परिभाषा ही बदल दी है। (अर्काइव ट्वीट)

देखें ट्वीट:

संतोष कुमार यादव नाम के एक्स यूजर ने अपने ट्वीट में लिखा-ब्राह्मण समाज के अश्विनी चौबे का टिकट काटकर बीजेपी ने सम्पूर्ण ब्राह्मण समाज का अपमान किया है। सम्पूर्ण ब्राह्मण समाज भाजपा को हराकर इनके आंसुओं का बदला अवश्य लेगा। (अर्काइव ट्वीट)

देखें ट्वीट:

वहीं, राज प्रकाश नाम के पैरोडी अकाउंट ने अपने ट्वीट में लिखा-टिकट कटने के बाद भाजपा के अग्निवीर। (अर्काइव ट्वीट)

देखें ट्वीट:

वायरल दावे में कितनी सच्चाई?

दावे की पड़ताल के लिए हमने वायरल वीडियो के कीफ्रेम्स को गूगल इमेज पर रिवर्स सर्च किया। साथ ही गूगल पर कुछ सामान्य से कीवर्ड्स डालते ही हमें एनडीटीवी का एक आर्टिकल मिला।

यह आर्टिकल 23 जनवरी 2023 को प्रकाशित हुआ था। यानि आज से ठीक एक साल पहले। आर्टिकल की हेडलाइन थी-

VIDEO: “मेरा भाई…” पार्टी के साथी को याद कर फूट-फूटकर रोने लगे केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे (अर्काइव लिंक)

देखें स्क्रीनशॉट…

खबर में बताया गया था कि बीजेपी नेता परशुराम चतुर्वेदी के निधन की खबर सुनकर अश्विनी चौबे भावुक हो गए थे और प्रेस कॉन्फ्रेंस के बीच ही फूट-फूटकर रोने लगे थे।

पड़ताल के दौरान हमें India Television के यूट्यूब चैनल पर पब्लिश हुआ एक वीडियो भी मिला। वीडियो को 16 जनवरी 2023 को अपलोड किया गया था। वीडियो की हेडलाइन थी- केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे आज मीडिया के सामने फूट-फूटकर रोने लगे, जानिए क्या थी वजह

देखें वीडियो:

वीडियो में स्पष्ट तौर पर बताया गया था कि भाजपा नेता परशुराम चतुर्वेदी के निधन की खबर सुनकर अश्विनी चौबे भावुक हो गए थे।

साफ है कि अश्विनी चौबे का जो वीडियो वायरल हो रहा है वो अभी का नहीं बल्कि साल 2023 का है। ऐसे में यह दावा कि बक्सर से टिकट कटने के चलते चौबे फूट-फूटकर रोए हैं पूरी तरह से गलत और भ्रामक है।

फेक न्यूज के खिलाफ हमारे साथ जुड़ें। कोई भी ऐसी सूचना जिस पर आपको संदेह हो तो हमें ईमेल करें @fakenewsexpose@dbcorp.in और वॉट्सऐप करें-9201776050

खबरें और भी हैं…

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here