वॉशिंगटन30 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के मुख्य आरोपी गैंगस्टर सतिवंदर सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ की मौत के दावे को अमेरिका की पुलिस ने झूठ बताया है। कैलिफोर्निया की पुलिस के मुताबिक बुधवार को वहां के फ्रेसनो इलाके में गोलीबारी की घटना जरूर हुई थी। इसमें दो लोग घायल भी हुए थे, जिनमें से एक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। हालांकि, ये शख्स गोल्डी बराड़ नहीं था।

मरने वाले शख्स की पहचान 37 साल के जेवियर गलाडनी के तौर पर हुई है, जबकि कल दिन भर चली खबरों में दावा किया जा रहा था कि अमेरिका में गोलियां मारकर गोल्डी बराड़ की हत्या कर दी गई है।

तस्वीर डेरन विलियम (बाएं) और जेवियर गैलडनी की है। इन दोनों के बीच कैलिफोर्निया के फ्रेसनो में गोलीबारी हुई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जेवियर को गोल्डी बराड़ समझ लिया गया था।

तस्वीर डेरन विलियम (बाएं) और जेवियर गैलडनी की है। इन दोनों के बीच कैलिफोर्निया के फ्रेसनो में गोलीबारी हुई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जेवियर को गोल्डी बराड़ समझ लिया गया था।

दुनिया भर से इंक्वायरी आई
फ्रेसनो पुलिस डिपार्टमेंट के लेफ्टिनेंट विलियम जे. डूली ने कहा, ‘हमारे पास दुनिया भर से गोल्डी बराड़ को लेकर इंक्वायरी आ रही है। सोशल मीडिया पर उसकी मौत की झूठी खबर फैलाई गई। हमें नहीं पता ये कहां से और किसने शुरू किया।’

ABC न्यूज के मुताबिक बुधवार को हुई घटना गैंग वॉर से जुड़ी थी। पुलिस गोली चलाने वाले डेरन विलियम नाम के आरोपी की तलाश कर रही है। पुलिस के मुताबिक डेरन विलियम और जेवियर गैलडनी पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, इस घटना में 13 साल का लड़का भी घायल हुआ था, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत अब ठीक बताई जा रही है।

कौन है गोल्डी बराड़
गैंगस्टर गोल्डी बराड़ को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने UAPA के तहत आतंकी घोषित कर दिया। उसके खालिस्तानी आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से कनेक्शन मिले हैं। गोल्डी बराड़ कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का राइट हैंड है। वह पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के कत्ल के बाद सुर्खियों में आया था।

गोल्डी की पढ़ाई के दौरान चचेरे भाई की हत्या हो गई
गोल्डी बराड़ पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब का रहने वाला है। साल 1994 में जन्म हुआ, माता पिता ने नाम रखा सतविंदर सिंह। पिता पुलिस में सब इंस्पेक्टर थे। बेटे को भी पढ़ा लिखा कर काबिल बनना चाहते थे, लेकिन सतविंदर उर्फ गोल्डी ने तो अपनी अलग ही राह चुन ली थी।

गोल्डी बराड़ के चचेरे भाई गुरलाल बराड़ की चंडीगढ़ में हत्या हो गई। गुरलाल को इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित एक क्लब के बाहर 11 अक्टूबर 2020 की रात गोली मारी गई। वह पंजाब यूनिवर्सिटी (PU) का छात्र नेता था।

गुरलाल बराड़ लॉरेंस बिश्नोई का सबसे करीबी था। गुरलाल बराड़ और लॉरेंस पंजाब यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट ऑर्गेनाइजेशन ऑफ पंजाब यूनिवर्सिटी (SOPU) से जुड़े रहे। गुरलाल बराड़ की हत्या के बाद लॉरेंस गैंग ने सोशल मीडिया पर लिखा था कि अब नई जंग की शुरुआत है, सड़कों पर खून नहीं सूखेगा।

हत्या का बदला लेकर कनाडा भाग गया
इस हत्या का बदला लेने के लिए गोल्डी ने क्राइम का रास्ता चुना। गोल्डी गैंगस्टर्स के संपर्क में आया। जग्गू भगवानपुरिया और लॉरेंस बिश्नोई से भी इसकी मुलाकात हुई। फिर गोल्डी ने अपने भाई के कत्ल के आरोपी फरीदकोट में जिला यूथ कांग्रेस अध्यक्ष गुरलाल सिंह की 8 फरवरी 2021 को गोली मारकर हत्या कर दी। इस हत्या के बाद गोल्डी गुपचुप तरीके से स्टूडेंट वीजा पर कनाडा भाग गया।

पुलिस के मुताबिक गोल्डी चेहरा बदल-बदलकर कनाडा में रहता है, ताकि पकड़ में ना आ सके। पुलिस के पास इसकी 5 अलग-अलग रूपों की तस्वीरें हैं। गैंगस्टर के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी हो चुका है।

गोल्डी बराड़ ने कहा था- सलमान मेरी गैंग के टारगेट पर
गोल्डी बराड़ ने कुछ महीने पहले एक निजी न्यूज चैनल को दिए गए इंटरव्यू में कहा था कि उसकी गैंग सलमान खान को जरूर मारेगी। जब भी हमें मौका मिलेगा, हम उसे मार देंगे। उसे भाई साहब (लॉरेंस बिश्नोई) ने बताया था कि उन्होंने (सलमान) माफी नहीं मांगी है।

पंजाब-हरियाणा के शूटर से मूसेवाला की हत्या कराई
29 मई 2022 को मानसा के गांव जवाहरके में मशहूर पंजाबी सिंगर शुभदीप सिंह उर्फ सिद्धू मूसेवाला का कत्ल कर दिया गया। पहले लॉरेंस गैंग ने इसकी जिम्मेदारी ली। फिर गोल्डी बराड़ ने एक टीवी चैनल पर इंटरव्यू देकर कहा कि मूसेवाला को उसने मरवाया है।

उसने मूसेवाला पर लॉरेंस के कॉलेज फ्रेंड विक्की मिड्‌डूखेड़ा के कत्ल में शामिल होने के आरोप लगाए। गोल्डी ने दावा किया था कि पुलिस ने मूसेवाला के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की तो मजबूर होकर उन्हें मर्डर करना पड़ा। गोल्डी ने हरियाणा और पंजाब के 6 शूटर भेजकर मूसेवाला की हत्या करवाई।

गोल्डी ने गोगामेड़ी की हत्या करवाई
5 दिसंबर 2023 को राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की घर में घुसकर हत्या करवा दी गई। हत्या गोल्डी बराड़ ने करवाई, जिसमें गोल्डी ने माना था कि गोगामेड़ी के साथ उसका जमीनी विवाद चल रहा था। गोगामेड़ी की हत्या के बाद पूरे राजस्थान में दंगे जैसा माहौल बना। घटना में गोगामेड़ी का एक सुरक्षाकर्मी भी मारा गया था।

UAPA के तहत गोल्डी बराड़ आतंकी घोषित
गैंगस्टर गोल्डी बराड़ को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इसी साल एक जनवरी को UAPA के तहत आतंकी घोषित कर दिया। उसके खालिस्तानी आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से कनेक्शन मिले थे। गोल्डी बराड़ कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का राइट हैंड था। इसके बाद केंद्रीय एजेंसियों द्वारा गोल्डी को आतंकी घोषित कर दिया।

खबरें और भी हैं…

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here