इस्लामाबाद5 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक
बुशरा बीबी को तोशाखान मामले में 14 साल की सजा सुनाई गई है। (फाइल) - Dainik Bhaskar

बुशरा बीबी को तोशाखान मामले में 14 साल की सजा सुनाई गई है। (फाइल)

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पत्नी बुशरा बीबी की जान खतरे में है। बुशरा की बहन मरियम रियाज बट्टू ने जियो न्यूज से बातचीत में यह दावा किया है।

मरियम ने कहा- पिछले हफ्ते बुशरा को अजीब तरह का खाना दिया गया था। खाने के बाद उनका गला और पेट की आंतें जल गईं। इसके बाद से उन्होंने कुछ नहीं खाया है।

बुशरा को फरवरी के पहले हफ्ते में सरकारी खजाने के तोहफे बेचने के मामले में 14 साल सजा सुनाई गई थी। उन्हें जेल के बजाए इमरान के बनी गाला वाले आलीशान घर में रखा गया है। इस घर के एक हिस्से को ही सब-जेल में तब्दील कर दिया गया है। यहां कई पुलिसकर्मी मौजूद हैं।

तस्वीर इस्लामाबाद में इमरान के कई एकड़ में फैले आलीशान घर बनी गाला की है। बुशरा यहीं हाउस अरेस्ट हैं।

तस्वीर इस्लामाबाद में इमरान के कई एकड़ में फैले आलीशान घर बनी गाला की है। बुशरा यहीं हाउस अरेस्ट हैं।

हर कदम पर पुलिस मौजूद

  • मरियम बट्टू दुबई में प्रोफेसर हैं और बुशरा की छोटी बहन हैं। उन्होंने कहा- मैं बुशरा की सेहत को लेकर बहुत फिक्रमंद हूं। अगर उनको कुछ होता है तो इसके लिए अडियाला जेल के सुपरिटेंडेंट जिम्मेदार होंगे। बुशरा की हिफाजत उनकी जिम्मेदारी है, लेकिन वो इसमें नाकाम रहे हैं। मैं तो यहां तक कहूंगी कि बुशरा की जान को उनकी ही वजह से खतरा है। बुशरा को मारने की साजिश हो रही है।
  • मरियम ने आगे कहा- कुछ दिन पहले बुशरा की बेटी उनसे मिलने गई थी। उसने बताया कि बुशरा को पिछले हफ्ते जो खाना दिया गया था, उसमें कुछ मिलाया गया था। खाने के बाद बुशरा का गला अंदर से जल गया। यही हाल पेट की आंतों का भी हुआ। इसके बाद से उन्होंने कुछ नहीं खाया। उस दिन जिस पुलिसवाले ने बुशरा को खाना दिया था, उसका ट्रांसफर कर दिया गया है। बुशरा के कहने के बावजूद कोई डॉक्टर उन्हें देखने नहीं आया। उसकी हालत दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है। उसे पहले से कोई बीमारी नहीं है।
  • मरियम ने आगे कहा- मैं सरकार से मांग करती हूं कि वो एक लेडी डॉक्टर को अपॉइंट करे जो फौरन बुशरा की जांच करे। ये डॉक्टर बुशरा की पसंद की होनी चाहिए।
यह तस्वीर बुशरा बीबी की बहन मरियम रियाज बट्टू की है। मरियम दुबई में प्रोफेसर हैं और इमरान की पार्टी PTI की सदस्य हैं।

यह तस्वीर बुशरा बीबी की बहन मरियम रियाज बट्टू की है। मरियम दुबई में प्रोफेसर हैं और इमरान की पार्टी PTI की सदस्य हैं।

तोशाखाना मामले में सजा

  • बुशरा को तोशाखाना से जुड़े एक मामले में 14 साल जेल की सजा सुनाई गई है। सजा सुनाए जाने के बाद बुशरा ने पाकिस्तान के नेशनल अकाउंटेबिलिटी ब्यूरो (NAB) के सामने सरेंडर कर दिया था।
  • इसके बाद इस्लामाबाद में इमरान खान के घर बनी गाला को एक सब-जेल में बदला गया है। इसके लिए इस्लामाबाद चीफ कमिश्नर ने आदेश जारी किया। बुशरा बीबी अगले आदेश तक बनी गाला की जेल में ही हाउस अरेस्ट में रहेंगी। इमरान के घर के बाहर बड़ी संख्या में पुलिसबल तैनात किए गए हैं। इसके अलावा बनी गाला के अंदर जेल कर्मी मौजूद हैं।
  • द एक्सप्रेस ट्रिब्यून के मुताबिक, फैसले के बाद अदियाला जेल की भी सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है। इस जेल में इमरान कैद हैं। जेल के चारों तरफ पुलिसकर्मियों की तादाद बढ़ाई गई है। दरअसल, पाकिस्तान पुलिस को जेल पर हमले से जुड़ी धमकियां मिल रही थीं। यह धमकी अदियाला जेल के ऑफिशियल नंबर पर भी कॉल करके दी गई। इसके बाद ही सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ाया गया है।
  • इमरान और उनकी पत्नी को तोशाखाना से जुड़े मामले में सजा सुनाई गई थी। फैसले के तहत खान अगले 10 साल तक किसी सरकारी पद पर भी नहीं रह सकते। इसके अलावा दोनों पर करीब 23.37 करोड़ रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है। NAB ने पिछले महीने आरोप लगाया था कि खान और बुशरा बीबी ने सऊदी क्राउन प्रिंस से तोहफे में मिला ज्वेलरी सेट बेच दिया था।

खबरें और भी हैं…

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here