मुंबई34 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

मुंबई कांग्रेस ने बुधवार (3 अप्रैल) को पूर्व अध्यक्ष संजय निरूपम का नाम स्टार प्रचारकों की लिस्ट से हटा दिया है। उन्हें पार्टी से निकालने का प्रस्ताव भी आलाकमान को भेज दिया है। इससे नाराज होकर निरूपम ने X पर पोस्ट किया कि पार्टी अपनी ऊर्जा और स्टेशनरी मुझ पर खर्च न करें। कल मैं बड़ा फैसला लूंगा।

बता दें कि 31 मार्च को पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए महाराष्ट्र में 40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी की थी। इसमें संजय निरूपम का नाम था। पूर्व सांसद संजय निरूपम लोकसभा चुनाव में मुंबई नॉर्थ-वेस्ट सीट से टिकट नहीं मिलने से नाराज चल रहे हैं।

संजय ने पोस्ट में लिखा- पार्टी अपनी बची-खुची ऊर्जा और स्टेशनरी का इस्तेमाल पार्टी को बचाने के लिए करे। वैसे भी पार्टी भीषण आर्थिक संकट के दौर से गुजर रही है। मैंने जो एक हफ्ते की अवधि दी थी, वह आज (बुधवार) पूरी हो गई है। कल (गुरुवार को) मैं खुद फैसला ले लूंगा।

मुंबई नॉर्थ-वेस्ट से टिकट नहीं मिलने से नाराज हैं संजय निरूपम
महाराष्ट्र में कांग्रेस, शिवसेना उद्धव और एनसीपी शरद पवार MVA गठबंधन में है। 27 मार्च को शिवसेना उद्धव गुट ने बुधवार को 17 कैंडिडेट्स का ऐलान किया था। मुंबई नॉर्थ-वेस्ट सीट से अमोल कीर्तिकर को टिकट दिया है। यहां से संजय निरूपम चुनाव की तैयारी में थे। कांग्रेस की ओर से टिकट नहीं मिलने से नाराज हो गए। उन्हें खुद राहुल गांधी ने यहां से टिकट का भरोसा दिया था।

संजय निरूपम ने अमोल पर कई आरोप लगाते हुए कहा था- कांग्रेस को नीचा दिखाने के लिए जानबूझकर ऐसी हरकत की जा रही है। उद्धव ठाकरे ने जिस उम्मीदवार को टिकट दिया है वह खिचड़ी स्कैम का घोटालेबाज है। कोविड के समय BMC ने प्रवासी मजदूरों को मुफ्त में यह खिचड़ी उपलब्ध कराई थी।

वर्तमान में उत्तर-पश्चिम सीट से अमोल के पिता गजानन कीर्तिकर सांसद हैं। वे CM एकनाथ शिंदे के गुट में हैं। 2019 में उन्होंने संजय निरूपम को 2.60 लाख से अधिक वोटों से हराया था।

मुंबई की इन सीटों पर उद्धव गुट के प्रत्याशी, कांग्रेस नेता नाराज

  • मुंबई साउथ-सेंट्रल से टिकट चाहती थीं कांग्रेस की वर्षा गायकवाड उद्धव ठाकरे के करीबी राज्यसभा सदस्य अनिल देसाई को मुंबई साउथ-सेंट्रल से टिकट दिया गया है। यहां से मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड चुनाव लड़ना चाहती थीं। ये सीट तब चर्चा में आई थी, जब वर्षा के पिता स्वर्गीय एकनाथ गायकवाड ने तत्कालीन लोकसभा स्पीकर मनोहर जोशी को हराया था।
  • सांगली से कांग्रेस विश्वजीत कदम को उतारना चाहती थी सांगली से कांग्रेस विश्वजीत कदम को खड़ा करना चाहती थी। उद्धव गुट ने यहां चंद्रहार पाटिल को टिकट दे दिया है। इसके बाद कांग्रेस के नाराज नेता सोनिया गांधी से मिलने दिल्ली पहुंच गए हैं। अंबेडकर की वंचित बहुजन अघाड़ी सांगली सीट से OBC बहुजन पार्टी के प्रकाश अन्ना शेंडगे को मैदान में उतारेगी, जिससे कांग्रेस और शिवसेना (UBT) दोनों के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
  • संभाजी नगर सीट पर उद्धव गुट के भीतर ही नाराजगी संभाजी नगर से विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष अंबादास दानवे चुनाव लड़ना चाहते थे। यहां चंद्रकांत खैरे को टिकट मिलने से दानवे भी नाराज हैं। हालांकि, उन्होंने कहा है कि वे पार्टी के लिए काम करते रहेंगे। उन्होंने शिवसेना (उद्धव गुट) छोड़ने की बात को खारिज कर दिया।

खबरें और भी हैं…

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here