• Hindi News
  • National
  • Dainik Bhaskar News Headlines; Bihar CM Nitish Kumar Floor Test | Kisan Andolan

6 मिनट पहलेलेखक: अभिषेक कुमार तिवारी, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार,

कल की बड़ी खबर नीतीश सरकार के फ्लोर टेस्ट से जुड़ी रही। सरकार ने 129 वोट हासिल कर विश्वास मत जीत लिया। दूसरी खबर किसान आंदोलन को लेकर है, सरकार के साथ किसान नेताओं की मीटिंग बेनतीजा रही। जिसके बाद आज किसान संगठन दिल्ली कूच करेंगे।

लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज का प्रमुख इवेंट, जिस पर रहेगी नजर…

1. PM मोदी दो दिन तक दुबई में रहेंगे। यहां वे ‘अहलान मोदी’ (हेलो मोदी) कार्यक्रम में भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित करेंगे। पिछले 8 महीने में PM का यह तीसरा यूएई दौरा है।

अब कल की बड़ी खबरें…

1. नीतीश सरकार फ्लोर टेस्ट में पास, विपक्ष का वॉकआउट: सत्ता पक्ष की मांग पर वोटिंग

बिहार विधानसभा में नीतीश सरकार ने फ्लोर टेस्ट पास कर लिया। वोटिंग से पहले ही विपक्ष ने वॉकआउट कर दिया था। सत्ता पक्ष की मांग पर वोटिंग करवाई गई। इसमें समर्थन में 129 वोट पड़े। विपक्ष में एक भी वोट नहीं पड़ा।

क्यों कराया गया था फ्लोर टेस्ट: नीतीश कुमार महागठबंधन तोड़कर NDA के साथ वापस आ गए हैं। उन्होंने 28 जनवरी को रिकॉर्ड 9वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उनके साथ 8 मंत्रियों ने भी शपथ ली। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी और नेता प्रतिपक्ष रहे विजय सिन्हा को डिप्टी CM बनाया गया है।

स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव: बिहार विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव पास कर स्पीकर अवध बिहारी चौधरी को हटा दिया गया। स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में 125 और विपक्ष में 112 वोट पड़े। नंद किशोर यादव भाजपा के स्पीकर पद के उम्मीदवार होंगे। 13 फरवरी को सुबह 10:30 बजे नामांकन करेंगे। उनका स्पीकर बनना तय माना जा रहा है।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

2. सरकार के साथ किसान नेताओं की मीटिंग बेनतीजा रही, आज दिल्ली कूच करेंगे 200 किसान यूनियन
देशभर के 200 किसान यूनियन आज दिल्ली कूच करेंगे। 12 फरवरी की देर रात तक केंद्रीय मंत्रियों के साथ किसान नेताओं की मीटिंग बेनतीजा रही। किसान नेता सरवन पंधेर ने कहा, सरकार माँगों पर सीरियस नहीं है। टकराव नहीं चाहते लेकिन सरकार के मन में खोट है। सरकार के प्रस्ताव पर विचार करेंगे लेकिन आंदोलन पर कायम हैं।

बॉर्डर सील, बैरेकेडिंग और कील लगाई गईं: मार्च रोकने के लिए हरियाणा बॉर्डर पर 11 पैरामिलिट्री कंपनियां तैनात की गई हैं। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर बॉर्डर पर लोहे के बैरिकेड्स लगाए गए। दिल्ली में एक महीने के लिए धारा 144 लगा दी गई है। पंजाब और हरियाणा बॉर्डर सील किए जा चुके हैं। सीमेंट के स्लैब, कंटीली तारें, कीलें लगाई गई हैं।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

3. राज्यों में डिप्टी CM की नियुक्ति असंवैधानिक नहीं: सुप्रीम कोर्ट ने कहा- यह सिर्फ एक ओहदा

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि राज्यों में डिप्टी CM की नियुक्ति संविधान के खिलाफ नहीं है। यह सिर्फ एक ओहदा है, जो वरिष्ठ नेताओं को दिया जाता है। इस पद पर नियुक्त व्यक्ति को कोई अतिरिक्त फायदा भी नहीं मिलता।

किसने याचिका लगाई थी: सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़, जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस मनोज मिश्रा की बेंच एक जनहित याचिका पर सुनवाई कर रही थी। यह याचिका पब्लिक पॉलिटिकल पार्टी ने लगाई थी। जिसमें दावा किया गया था कि संविधान में डिप्टी CM जैसा कोई पद नहीं है। यह संविधान के अनुच्छेद 14 (समानता का अधिकार) का उल्लंघन है।

देश के 14 राज्यों में 26 डिप्टी CM: देश के 14 राज्यों में 26 उपमुख्यमंत्री हैं। वहीं आंध्र प्रदेश में 5 डिप्टी CM हैं। याचिकाकर्ता ने कहा था कि डिप्टी CM की नियुक्ति से जनता का कोई लेना-देना नहीं है और न ही इससे राज्य की जनता को कोई अतिरिक्त फायदा होता है।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

4. महाराष्ट्र के पूर्व सीएम अशोक चव्हाण ने कांग्रेस छोड़ी; फडणवीस बोले- आगे-आगे देखिए होता है क्या
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने विधायक पद भी छोड़ दिया है। अशोक चव्हाण ने विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर को इस्तीफा सौंपा। डिप्टी CM देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि आगे आगे देखो होता है क्या। MVA के कई नेता हमारे संपर्क में हैं। मुझे विश्वास है कि वो भी बीजेपी जॉइन करेंगे।

एक महीने में 3 नेताओं का कांग्रेस से इस्तीफा: इससे पहले मिलिंद देवड़ा ने 14 जनवरी और बाबा सिद्दीकी ने 8 फरवरी को कांग्रेस छोड़ दी थी। एक महीने में महाराष्ट्र कांग्रेस के 3 बड़े नेता इस्तीफा दे चुके हैं।

चव्हाण के साथ 13 और नेता: सूत्रों के मुताबिक अशोक चव्हाण 13 बड़े नेताओं के साथ भाजपा जॉइन कर सकते हैं। इसके साथ ही महाराष्ट्र में सियासी हलचल तेज हो गई है। महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस, भाजपा नेता आशीष शेलार भाजपा दफ्तर पहुंचे। इस बीच महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले दिल्ली रवाना हो गए।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

5. राहुल की न्याय-यात्रा एक हफ्ते पहले खत्म होगी, पश्चिमी UP नहीं जाएंगे

कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक राहुल 19 फरवरी को अमेठी और रायबरेली में रहेंगे। फिर लखनऊ से सीतापुर जाने के बजाय कानपुर और झांसी जाएंगे।

कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक राहुल 19 फरवरी को अमेठी और रायबरेली में रहेंगे। फिर लखनऊ से सीतापुर जाने के बजाय कानपुर और झांसी जाएंगे।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का शेड्यूल बदल गया है। उत्तर प्रदेश में राहुल अब कम दिन रुकने वाले हैं। इससे न्याय यात्रा अपने निर्धारित समय से एक हफ्ते पहले खत्म हो सकती है। पहले 20 मार्च को मुंबई में यात्रा का आखिरी दिन था। अब 10 से 14 मार्च के बीच आखिरी दिन होगा।

यूपी में दो दिन लेट इंट्री: पहले UP में न्याय यात्रा सबसे ज्यादा 11 दिन रुकने वाली थी। राहुल 14 फरवरी को UP आने वाले थे, लेकिन अब वे 16 फरवरी को आएंगे। इसके बाद 22 या 23 फरवरी को मध्य प्रदेश जाएंगे। वे पहले 27 या 28 फरवरी को UP से मध्य प्रदेश जाने वाले थे।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

6. कतर ने 8 पूर्व भारतीय नौसैनिकों को रिहा किया: 7 भारत लौटे, इन पर जासूसी का आरोप था
कतर ने 8 पूर्व भारतीय नौसैनिकों को रिहा कर दिया है। इनमें से सात 12 फरवरी की सुबह भारत लौट आए हैं। ये कतर में जासूसी के आरोप में उम्रकैद की सजा काट रहे थे। पहले इन्हें फांसी की सजा सुनाई गई थी।

जानें क्या है पूरा मामला: ये सभी अफसर कतर की नौसेना को ट्रेनिंग देने वाली एक निजी कंपनी दहरा ग्लोबल टेक्नोलॉजीज एंड कंसल्टेंसी में काम करते थे। कतर की इंटेलिजेंस एजेंसी के स्टेट सिक्योरिटी ब्यूरो ने 30 अगस्त 2022 को 8 पूर्व नौसैनिकों को गिरफ्तार किया था।

मौत की सजा उम्रकैद में बदली: दहरा ग्लोबल डिफेंस सर्विस प्रोवाइड करती है। ओमान एयरफोर्स के रिटायर्ड स्क्वाड्रन लीडर खमिस अल अजमी इसके प्रमुख हैं। उन्हें भी 8 भारतीय नागरिकों के साथ गिरफ्तार किया गया था, लेकिन नवंबर में उन्हें छोड़ दिया गया। गिरफ्तारी से करीब 14 महीने बाद, 26 अक्टूबर 2023 को इन सभी पूर्व नेवी अफसरों को मौत की सजा सुनाई गई थी। 28 दिसंबर 2023 को इनकी मौत की सजा कैद में बदली गई थी।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

7. जनवरी में रिटेल महंगाई घटकर 5.1% पर आई, इसका कारण खाने-पीने के सामान की घटी कीमतें

भारत की रिटेल महंगाई जनवरी 2024 में घटकर 5.1% पर आ गई है। यह महंगाई का तीन महीने का निचला स्तर है। इससे पहले दिसंबर 2023 में महंगाई 5.69% रही थी। वहीं नवंबर में यह 5.55%, अक्टूबर में 4.87% और सिंतबर में 5.02% रही थी।

महंगाई घटने की वजह: खाने-पीने के सामान की कीमतें घटने से महंगाई घटी है। दिसंबर की तुलना में जनवरी में सब्जियों की कीमतों में गिरावट देखने को मिली है। जनवरी में सब्जियों की महंगाई दर 27.6% से घटकर 27% पर आ गई। दूसरी ओर, ईंधन और बिजली की महंगाई दर -0.60% हो गई है, जो दिसंबर में -0.77% थी।

महंगाई कैसे प्रभावित करती है? महंगाई का सीधा संबंध पर्चेजिंग पावर से है। उदाहरण के लिए यदि महंगाई दर 6% है, तो अर्जित किए गए 100 रुपए का मूल्य सिर्फ 94 रुपए होगा। इसलिए महंगाई को देखते हुए ही निवेश करना चाहिए। नहीं तो आपके पैसे की वैल्यू कम हो जाएगी।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…

1. नेशनल: पश्चिम बंगाल में TMC नेता पर यौन उत्पीड़न का आरोप: स्मृति ईरानी बोलीं- कम उम्र की हिंदू लड़कियों को रात में उठा रहे TMC के गुंडे (पढ़ें पूरी खबर)

2. बिजनेस: श्रीलंका और मॉरिशस में UPI लॉन्च: भारतीय टूरिस्ट यहां कर सकेंगे UPI पेमेंट, 2 फरवरी को फ्रांस में सर्विस शुरू हुई थी (पढ़ें पूरी खबर)

3. इंटरनेशनल: पाकिस्तान चुनाव को अमान्य घोषित करने सुप्रीम कोर्ट में याचिका: केयर टेकर प्रधानमंत्री बोले- नतीजों में देरी का मतलब धांधली नहीं (पढ़ें पूरी खबर)

4. नेशनल: कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर बोले- पाकिस्तानी प्रेम बरसाते हैं: लाहौर में कहा- वे दोस्ती पर ज्यादा दोस्ती, दुश्मनी पर ज्यादा दुश्मनी दिखाते हैं (पढ़ें पूरी खबर)

5. नेशनल: केजरीवाल का दिल्ली में अकेले चुनाव लड़ने का संकेत: बोले- लोग सातों सीट AAP को देंगे; पंजाब-चंडीगढ़ में भी गठबंधन से इनकार कर चुके (पढ़ें पूरी खबर)

6. नेशनल: PM मोदी ने एक लाख अपॉइंटमेंट लेटर बांटे: कहा- पहले नियुक्ति में देरी कर रिश्वत का खेल होता था, हमने प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया (पढ़ें पूरी खबर)

7. नेशनल: प्रियंका को रायबरेली से चुनाव लड़ाने की तैयारी: सोनिया राजस्थान से राज्यसभा जा सकती हैं, खड़गे के घर कांग्रेस की बैठक में चर्चा (पढ़ें पूरी खबर)

8. बिजनेस: मारुति सुजुकी लाएगी फ्लाइंग कार, 2025 तक आएगा पहला मॉडल: घर की छत से ही टेक-ऑफ और लैंडिंग हो सकेगी, सिटिंग कैपेसिटी तीन (पढ़ें पूरी खबर)

अब खबर हटके…

अमेरिका में शख्स ने बंदरों को ममी बनाकर बैग में रखा, पकड़ा गया

एयरपोर्ट पर खोजी कुत्तों ने बैग को सूंघकर उसके अंदर बंदरों के शव का पता लगाया।

एयरपोर्ट पर खोजी कुत्तों ने बैग को सूंघकर उसके अंदर बंदरों के शव का पता लगाया।

अमेरिका में एक शख्स बंदरों को ममी बनाकर बैग में ले जा रहा था। उसे कस्टम टीम ने पकड़ लिया। जांच में पता चला कि बैग के अंदर चार बंदरों के शव थे। पुलिस के मुताबिक, शख्स इन बंदरों को अफ्रीका से खाने के लिए लाया था। दरअसल अमेरिका में जंगली जानवरों के कच्चे मांस पर बैन लगा हुआ है, क्योंकि इससे बीमारी फैलती है।

भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…

1. जिन विधायकों ने पाला बदला उनका क्या होगा: क्यों 3 ने छोड़ा तेजस्वी का साथ; क्या टल गया नीतीश सरकार का संकट

2. हल्द्वानी हिंसा…बस्ती छोड़ भाग रहे मुस्लिम, घरों पर ताले: दंगे के दो मास्टरमाइंड, मर्डर के आरोपी संजय पर केस तक नहीं, अब्दुल फरार

3. राज्यसभा उम्मीदवार हो सकते हैं कमलनाथ?: सोनिया से मिलने के बाद बदले समीकरण; पटवारी-अरुण की दावेदारी को लग सकता है झटका

4. हीरो से ज्यादा फीस लेते थे विलेन प्राण: बहन की मौत हुई लेकिन शूटिंग करते रहे, बेटी ने कहा- निगेटिव रोल छोड़ो तो कैरेक्टर आर्टिस्ट बने

5. पॉजिटिव स्टोरी-10 हजार रुपए से शुरुआत, आज करोड़पति: इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स बनाता हूं; जो दोस्त हंसते थे, वो जॉब मांगते हैं

6. क्या इमरान-नवाज की दुश्मनी में दिवालिया होगा पाकिस्तान: 45 दिन के खर्च का पैसा बचा; कमजोर सरकार कैसे 2 महीने में चुकाएगी 8000 करोड़ कर्ज

7. BJP अपना कुनबा बढ़ाने में जुटी: क्या राम मंदिर के बावजूद जीत को लेकर कॉन्फिडेंट नहीं; पीछे का खेल समझिए

आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here