• Hindi News
  • National
  • Dainik Bhaskar News Headlines; Chandigarh Mayor Election | Kisan Andolan

12 मिनट पहलेलेखक: शुभेंदु प्रताप भूमंडल, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार,

कल की बड़ी खबर चंडीगढ़ मेयर चुनाव को लेकर सुप्रीम कोर्ट के फैसले की रही। इसके लिए अदालत में ही बैलट पेपर्स की गिनती हुई। एक खबर मराठा आरक्षण की रही, जिससे जुड़ा बिल महाराष्ट्र विधानसभा के विशेष सत्र में पास हुआ।

लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…

  1. दिल्ली में 9वें रायसीना डायलॉग की शुरुआत होगी। 23 फरवरी तक चलने वाली कॉन्फ्रेंस में 115 देशों के 2500 से ज्यादा लोग शामिल होंगे।
  2. भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा दो दिन के दौरे पर मुंबई पहुंचेंगे। यहां संगठन के कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

अब कल की बड़ी खबरें…

1. कंक्रीट बैरिकेड्स तोड़ने वाली मशीनें लेकर शंभू बॉर्डर पहुंचे किसान, आज दिल्ली कूच करेंगे

पंजाब-हरियाणा के शंभू बॉर्डर पर किसान हैवी मशीनें लेकर पहुंचे हैं।

पंजाब-हरियाणा के शंभू बॉर्डर पर किसान हैवी मशीनें लेकर पहुंचे हैं।

पंजाब-हरियाणा के शंभू बॉर्डर पर 8 दिन से आंदोलन कर रहे किसान आज दिल्ली कूच करेंगे। वे हरियाणा पुलिस के बैरिकेड्स तोड़ने के लिए JCB और क्रेन जैसी हैवी मशीनरी लेकर पहुंचे हैं। इसके अलावा आंसू गैस के गोलों से बचने के लिए डिजाइन की गई पोकलैंड मशीन भी लाई गई है। शंभू बॉर्डर पर सीमेंट के गार्डर और कंटीले तार बिछाकर 7 लेयर बैरिकेडिंग की गई है।

दिल्ली कूच का ऐलान क्यों: किसानों ने दिल्ली कूच का फैसला 18 फरवरी को केंद्र से हुई मीटिंग के बाद लिया है। इस दिन केंद्र ने 5 फसलों- कपास, मक्का, मसूर, अरहर और उड़द पर MSP देने का प्रस्ताव दिया था, जिसे किसान खारिज कर चुके हैं। केंद्र और किसानों के बीच 8, 12 और 15 फरवरी की बातचीत भी बेनतीजा रही थी।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

2. SC ने AAP-कांग्रेस कैंडिडेट को चंडीगढ़ मेयर घोषित किया, चुनाव अधिकारी को नोटिस

CCTV फुटेज 30 जनवरी का है। इसमें चंडीगढ़ मेयर इलेक्शन के चुनाव अधिकारी अनिल मसीह बैलट पेपर्स पर निशान लगाते नजर आ रहे हैं।

CCTV फुटेज 30 जनवरी का है। इसमें चंडीगढ़ मेयर इलेक्शन के चुनाव अधिकारी अनिल मसीह बैलट पेपर्स पर निशान लगाते नजर आ रहे हैं।

सुप्रीम कोर्ट ने AAP-कांग्रेस के कैंडिडेट कुलदीप कुमार को चंडीगढ़ का मेयर घोषित किया है। कोर्ट ने चुनाव अधिकारी अनिल मसीह को नोटिस देते हुए कहा कि आपने अदालत में झूठ बोला। मसीह ने जानबूझकर 8 बैलट पेपर्स को खराब किया था। वहीं दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल ने कहा- लोकतंत्र को बचाने के लिए सुप्रीम कोर्ट का फैसला अहम है।

इससे इतर क्या स्थिति होती: अगर सुप्रीम कोर्ट ने बैलट पेपर्स की रिकाउंटिंग की बजाय दोबारा वोटिंग का आदेश दिया होता, तो भाजपा बहुमत से जीत जाती क्योंकि AAP के 3 पार्षद चुनाव के बाद भाजपा में शामिल हो चुके हैं। मेयर के लिए 30 जनवरी को वोटिंग हुई थी। यहां AAP-कांग्रेस ने मिलकर चुनाव लड़ा। वोटिंग के बाद चुनाव अधिकारी अनिल मसीह ने रिजल्ट की घोषणा की। जिसमें भाजपा के कैंडिडेट मनोज सोनकर को 16 वोट मिले। वहीं विपक्ष के कैंडिडेट कुलदीप कुमार को 12 वोट मिले थे।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

3. महाराष्ट्र विधानसभा में मराठा आरक्षण बिल पास, 10% रिजर्वेशन देगी शिंदे सरकार

मराठा आरक्षण बिल पास होने के बाद मुंबई में महाराष्ट्र विधानसभा के बाहर जश्न मनाया गया।

मराठा आरक्षण बिल पास होने के बाद मुंबई में महाराष्ट्र विधानसभा के बाहर जश्न मनाया गया।

महाराष्ट्र विधानसभा में मराठाओं को 10% आरक्षण देने का बिल पास हो गया। अब इसे विधान परिषद में पेश किया जाएगा। राज्य में 52% आरक्षण पहले से है। वहीं मराठा आरक्षण आंदोलन के नेता मनोज जरांगे ने कहा- जो बिल पास हुआ, वह हमारी मांग के अनुरूप नहीं है। सुप्रीम कोर्ट इसे नहीं मानेगा, हमें OBC कोटे के तहत आरक्षण चाहिए।

क्या है पूरा मामला: महाराष्ट्र में एक दशक से मराठा आरक्षण की मांग चल रही है। इसके लिए राज्य सरकार ने 2018 में कानून बनाया और मराठा समाज को नौकरियों और शिक्षा में 16% आरक्षण दिया। जून 2019 में बॉम्बे हाईकोर्ट ने इसे कम करते हुए शिक्षा में 12% और नौकरियों में 13% आरक्षण फिक्स किया। हाईकोर्ट ने कहा था कि अपवाद के तौर पर राज्य में सुप्रीम कोर्ट द्वारा निर्धारित 50% आरक्षण की सीमा पार की जा सकती है। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने इस पर रोक लगा दी।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

4. यूपी में सपा-कांग्रेस के बीच गठबंधन पर मतभेद, 3 सीटों पर अटका मामला
यूपी में विपक्षी गठबंधन (I.N.D.I.A.) के तहत सपा-कांग्रेस में सीट शेयरिंग पर अब तक सहमति नहीं बन सकी है। सपा ने कांग्रेस को 17 सीटें ऑफर की हैं। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने पश्चिमी यूपी की अमरोहा, बिजनौर, मुरादाबाद लोकसभा सीटों पर दावा किया है। ये सीटें ऑफर की गईं 17 सीटों में शामिल नहीं हैं। राहुल गांधी की न्याय यात्रा आज लखनऊ पहुंचेगी। हालांकि अखिलेश पहले ही कह चुके हैं कि वे सीट बंटवारे के बाद ही यात्रा में शामिल होंगे।

सपा की तीसरी लिस्ट जारी: सपा ने लोकसभा चुनाव के लिए 5 प्रत्याशियों की तीसरी लिस्ट जारी की है। कैराना से इकरा हसन, बदायूं से धर्मेंद्र यादव की जगह शिवपाल यादव, बरेली से प्रवीण सिंह ऐरन, हमीरपुर से अजेंद्र सिंह राजपूत और वाराणसी से सुरेंद्र सिंह पटेल को प्रत्याशी बनाया गया है। इससे पहले सपा ने 17 और 11 उम्मीदवारों की दो लिस्ट जारी की थी। अब तक सपा कुल 32 उम्मीदवार उतार चुकी है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

5. सोनिया गांधी पहली बार राज्यसभा सांसद बनीं, राजस्थान में भाजपा ने भी दो सीटें जीतीं

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी पहली बार राज्यसभा से सांसद बनी हैं। उन्हें कांग्रेस ने राजस्थान से प्रत्याशी बनाया था। वहीं, बीजेपी के दोनों प्रत्याशी मदन राठौड़ और चुन्नीलाल गरासिया भी राज्यसभा के सदस्य बन गए हैं। तीनों कैंडिडेट्स निर्विरोध चुने गए। नाम वापसी का समय पूरा हो जाने पर चुनाव अधिकारी ने इनकी जीत का ऐलान किया।

राजस्थान से कांग्रेस के 6 राज्यसभा सांसद: इस परिणाम के बाद भी राजस्थान से राज्यसभा में कांग्रेस का बहुमत बरकरार रहेगा। अभी तक राज्यसभा की 10 सीटों में से कांग्रेस के पास 6 और भाजपा के पास 3 सीटें हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

6. संदेशखाली पर बंगाल सरकार को हाईकोर्ट की फटकार, कहा- शाहजहां को अभी तक क्यों नहीं पकड़ा
कलकत्ता हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने संदेशखाली मामले पर पश्चिम बंगाल सरकार को फटकार लगाई। कोर्ट ने कहा, ‘TMC नेता शाहजहां ने लोगों को नुकसान पहुंचाया। उस पर रेप और जमीन हड़पने के आरोप हैं। यह चौंकाने वाला है कि समस्या की जड़ में मौजूद एक आदमी अभी तक पकड़ा नहीं गया। उसके खिलाफ भले ही हजारों झूठे आरोप हो, लेकिन इनमें एक भी आरोप सही है तो आपको जांच करनी चाहिए।’

शुभेंदु अधिकारी संदेशखाली पहुंचे: हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच के आदेश के बाद भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी मंगलवार को संदेशखाली पहुंचे। डिवीजन बेंच ने उन्हें जाने की इजाजत देते हुए शर्त रखी कि शुभेंदु के साथ सिर्फ उनकी सिक्योरिटी के लोग ही हिंसा प्रभावित इलाके में जाएंगे। हाईकोर्ट की सिंगल बेंच ने सोमवार को उन्हें संदेशखाली जाने की इजाजत दी थी। इसके खिलाफ बंगाल सरकार कोर्ट पहुंची थी।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

7. भारत से यूरोप में डीजल सप्लाई घटी, लाल सागर में हूतियों के हमलों से शिपिंग चार्ज बढ़ा
भारत से यूरोप के लिए होने वाली डीजल की सप्लाई पिछले 2 सालों के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई है। फरवरी के शुरुआती 2 हफ्तों में भारत से रोज करीब 18 हजार बैरल डीजल यूरोप पहुंचा। यह जनवरी में हुई औसत डिलीवरी से करीब 90% कम है। लाल सागर में हूती विद्रोही लगातार हमले कर रहे हैं। इस वजह से एशिया से यूरोपियन यूनियन (EU) और ब्रिटेन जाने वाले कार्गो के शिपिंग चार्ज बढ़ गए हैं।

मैप में भारत से जहाजों के यूरोप पहुंचने के दोनों रास्तों को समझिए…

भारत का 80% व्यापार समुद्री रास्ते से: ग्लोबल ट्रेड का करीब 12% ट्रैफिक हर साल लाल सागर के स्वेज कैनाल से होकर गुजरता है। हूती विद्रोहियों के हमलों से यूरोप और एशिया के बीच मुख्य मार्ग पर इंटरनेशनल ट्रेड प्रभावित हुआ। भारत का 80% व्यापार समुद्री रास्ते से होता है। वहीं 90% ईंधन भी समुद्री मार्ग से ही आता है। समुद्री रास्ते में हमले से भारत के कारोबार पर सीधा असर पड़ता है। इससे सप्लाई चेन बिगड़ने का खतरा है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

आज का कार्टून By मंसूर नकवी…

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…

  1. सेलिब्रिटी: विराट-अनुष्का के घर बेटे का जन्म: सोशल मीडिया पोस्ट में बताया- बेटे का नाम अकाय; जन्म के 5 दिन बाद दी जानकारी (पढ़ें पूरी खबर)
  2. नेशनल: मोदी ने जम्मू में AIIMS-IIM का उद्घाटन किया: बोले- पहले जम्मू-कश्मीर से आतंक-अलगाव की खबरें आती थीं, अब विकास हो रहा (पढ़ें पूरी खबर)
  3. नेशनल: मानहानि मामले में राहुल को सुल्तानपुर कोर्ट से जमानत: 2018 में कर्नाटक चुनाव के दौरान अमित शाह के खिलाफ दिया था बयान, केस दर्ज हुआ था (पढ़ें पूरी खबर)
  4. नेशनल: लखनऊ पहुंचे राहुल गांधी, बोले-इंतजार में आपने मोहब्बत की हजारों दुकानें खोल दीं: हमारी सरकार आई तो पेपर लीक मामले में लेंगे कड़ा एक्शन (पढ़ें पूरी खबर)
  5. स्पोर्ट्स: बुमराह और राहुल चौथा टेस्ट नहीं खेलेंगे: जसप्रीत को अराम दिया, केएल अनफिट; मुकेश कुमार की वापसी (पढ़ें पूरी खबर)
  6. स्पोर्ट्स: इलेक्शन के कारण 2 फेज में जारी होगा IPL शेड्यूल: गवर्निंग काउंसिल के अध्यक्ष बोले- 22 मार्च से शुरुआत संभव, फाइनल की तारीख तय नहीं (पढ़ें पूरी खबर)
  7. नेशनल: विद्यासागर जी का अस्थि संचय हुआ: अस्थि कलश जमीन में दबाया जाएगा, उसी जगह बनेगी समाधि; उत्तराधिकारी समय सागर 22 को पहुंचेंगे चंद्रगिरी (पढ़ें पूरी खबर)
  8. बिजनेस: जी और सोनी मर्जर बचाने के लिए कर रहे बातचीत: रिपोर्ट में दावा – पुनीत गोयनका ने सोनी की मांग पर सहमति व्यक्त की (पढ़ें पूरी खबर)
  9. बॉलीवुड: अनुपमा फेम ऋतुराज सिंह का हार्ट अटैक से निधन: 59 की उम्र में ली अंतिम सांस, पैंक्रियाज की बीमारी से जूझ रहे थे (पढ़ें पूरी खबर)
  10. इंटरनेशनल: पाकिस्तान में नई सरकार का मामला अटका: बिलावल बोले- नवाज की पार्टी को समर्थन देंगे, लेकिन उन्हें हमारी शर्तें माननी होंगी (पढ़ें पूरी खबर)
  11. इंटरनेशनल: ब्रिटिश उपचुनाव में फिर हारी सुनक की कंजर्वेटिव पार्टी: आम चुनाव से पहले इस्तीफा दे सकते हैं 100 सांसद, पार्टी में नेतृत्व बदलने की मांग (पढ़ें पूरी खबर)
प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) की धारा 45 के अंदर वाले सभी अपराध गैर जमानती होते हैं। इसमें ED को कुछ शर्तों के अधीन बिना किसी वारंट के आरोपियों को गिरफ्तार करने का अधिकार होता है।

प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) की धारा 45 के अंदर वाले सभी अपराध गैर जमानती होते हैं। इसमें ED को कुछ शर्तों के अधीन बिना किसी वारंट के आरोपियों को गिरफ्तार करने का अधिकार होता है।

अब खबर हटके…

बेटे को नकल कराने के लिए एग्जाम पेपर चुराया

आरोपी महिला टीचर स्कार्फ बांधकर पेपर जमा करने पहुंची थी। इसे हटाने पर उसकी पहचान उजागर हुई।

आरोपी महिला टीचर स्कार्फ बांधकर पेपर जमा करने पहुंची थी। इसे हटाने पर उसकी पहचान उजागर हुई।

मध्य प्रदेश के दमोह में बेटे को नकल कराने के लिए लेडी टीचर ने पेपर के साथ आंसर कॉपी भी चोरी कर ली। वह घर पर पेपर सॉल्व करने के बाद आंसर कॉपी बेटे को देने एग्जाम सेंटर पहुंची। लेकिन वहां मौजूद टीचर्स ने उसे पकड़ लिया। आरोपी टीचर जिस स्कूल में बोर्ड परीक्षा में ड्यूटी पर तैनात है। उसका बेटा उसी स्कूल से 10वीं की परीक्षा दे रहा था।
पढ़ें पूरी खबर…

भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…

आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here