हैदराबाद5 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में बुधवार को सनराइजर्स हैदराबाद ने इतिहास रचा और 20 ओवर में 277 रन बना दिए। IPL के 17 साल में इससे पहले इतना बड़ा स्कोर कभी नहीं बना था। हैदराबाद ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2013 में 263 रन बनाए थे।

278 रन के टारगेट के सामने मुंबई इंडियंस भी नहीं बिखरी, टीम ने 20 ओवर में 246 रन बना दिए। यह दूसरी पारी में IPL का सबसे बड़ा स्कोर रहा। इससे पहले 2020 में राजस्थान ने 226 रन बनाए थे। मैच में कुल 523 रन बने, जो प्रोफेशनल टी-20 क्रिकेट में पहली बार ही हुआ।

प्लेयर ऑफ द मैच रहे अभिषेक शर्मा ने SRH के लिए फास्टेस्ट फिफ्टी के रिकॉर्ड को आधे घंटे के अंदर ही तोड़ दिया। मैच में बने टॉप रिकॉर्ड्स…

1. अभिषेक शर्मा ने लगाई SRH के लिए फास्टेस्ट फिफ्टी
SRH के बैटर अभिषेक शर्मा ने टीम के लिए 16 गेंद में फिफ्टी लगाई। यह SRH के लिए IPL में किसी भी बैटर की फास्टेस्ट हाफ सेंचुरी है। अभिषेक से पहले इसी मैच में ट्रैविस हेड ने 18 गेंद में 50 रन बनाकर डेविड वॉर्नर का 9 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा था। हालांकि, आधे घंटे से भी कम समय में अभिषेक ने हेड का रिकॉर्ड तोड़ा और SRH के लिए नया रिकॉर्ड बना दिया।

2. पावरप्ले में हेड SRH के लिए दूसरे टॉप स्कोरर
SRH के लिए एक इनिंग के पावरप्ले में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में ट्रैविस हेड दूसरे नंबर पर आ गए। उन्होंने 59 रन बनाए और अपने ऑस्ट्रेलियाई साथी डेविड वॉर्नर के साथ दूसरे नंबर पर आ गए। पहले नंबर पर भी वॉर्नर ही हैं, जिन्होंने 2017 में कोलकाता के खिलाफ पावरप्ले में 62 रन बनाए थे। टी-20 मैच में पावरप्ले यानी एक से 6 ओवर का खेल।

3. SRH ने IPL के पहले 10 ओवर में सबसे ज्यादा रन बनाए
SRH ने IPL इतिहास के पहले 10 ओवर में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी बनाया। टीम ने शुरुआती 60 गेंदों पर 148 रन बनाए। टीम ने मुंबई इंडियंस का उनके खिलाफ बनाया रिकॉर्ड भी तोड़ा। साल 2021 में अबू धाबी में MI ने SRH के खिलाफ ही 131 रन बनाए थे।

हालांकि, इस मैच में MI ने फिर यह रिकॉर्ड तोड़ने की कोशिश की, लेकिन टीम नाकाम रही। मुंबई ने दूसरी पारी में विस्फोटक शुरुआत की और 10 ओवर में 141 रन बना दिए। टीम रिकॉर्ड तोड़ने से महज 8 रन दूर रही और रिकॉर्ड में दूसरे नंबर पर आ गई।

4. SRH ने बनाया IPL का सबसे बड़ा स्कोर
SRH ने IPL का सबसे बड़ा स्कोर बनाया। यह रिकॉर्ड 11 साल बाद टूटा। टीम ने 20 ओवर में 277 रन बनाए। इससे पहले साल 2013 में RCB ने पुणे वॉरियर्स इंडिया के खिलाफ 263 रन बनाए थे। इसमें क्रिस गेल ने 175 रन की नाबाद पारी खेली थी। गेल का IPL की एक इनिंग में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड आज भी कायम है।

5. क्लासन-मार्करम ने चौथे विकेट की SRH के लिए सबसे बड़ी साझेदारी
हेनरिक क्लासन और ऐडन मार्करम की साउथ अफ्रीकी जोड़ी ने SRH के लिए खेलते हुए चौथे विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी की। दोनों ने नाबाद 116 रन जोड़े। इससे पहले यह रिकॉर्ड मोइसेज हेनरिक्स और युवराज सिंह के नाम था। SRH के लिए खेलते हुए साल 2017 में दोनों ने नाबाद 93 रन की साझेदारी की थी।

6. क्वेना मफाका ने किया IPL में तीसरा सबसे महंगा स्पेल
मुंबई के लिए डेब्यू करने वाले 17 साल के साउथ अफ्रीकी पेसर क्वेना मफाका ने 4 ओवर में 66 रन लुटाए। यह मुंबई के लिए IPL इतिहास में सबसे महंगी बॉलिंग रही। ओवरऑल एक पारी में वह तीसरे सबसे महंगे बॉलर बन गए। उनसे ज्यादा रन SRH के ही बसिल थंपी ने दिए, जिनके खिलाफ 2017 में RCB ने 70 रन बनाए थे।

मफाका का स्पेल (0/66) IPL डेब्यू में सबसे महंगा रहा। उनसे पहले साल 2013 में मोहाली में पंजाब किंग्स के लिए माइकल नेसर के डेब्यू मैच में 62 रन दिए थे। यह स्पेल RCB के खिलाफ आया था।

7. टी-20 क्रिकेट में SRH ने बनाया चौथा सबसे बड़ा स्कोर
SRH ने टी-20 क्रिकेट में चौथा सबसे बड़ा स्कोर बनाया। इंटरनेशनल क्रिकेट में इससे बड़ा स्कोर अब तक तीन बार बन चुका है। साल 2023 में ही नेपाल ने मंगोलिया के खिलाफ 300+ का स्कोर टी-20 इंटरनेशनल में पहली बार बनाया। वहीं, 2019 में अफगानिस्तान ने आयरलैंड के खिलाफ (278/3) बनाया था। इस मैच में हजरतुल्लाह जाजई ने 16 छक्कों की मदद से 162* रन बनाए थे। तीसरे नंबर पर चेक रिपब्लिक ने भी 278 रन का स्कोर बनाया है।

SRH ने भारत के डोमेंस्टिक क्रिकेट टूर्नामेंट सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बने रिकॉर्ड को पीछे किया। साल 2023 में पंजाब ने आंध्रप्रदेश के खिलाफ 275 रन बनाए थे। इस मैच में भी अभिषेक शर्मा ने ही पंजाब की ओर से खेलते हुए 51 गेंदों में 112 रन बनाए थे। जवाब में आंध्र 170 रन ही बना सका था।

8. दूसरी बार IPL के किसी मैच में सबसे ज्यादा बाउंड्री लगीं
SRH और MI के बैटर्स ने मिलकर IPL मैच में सबसे ज्यादा बाउंड्री लगाने का रिकॉर्ड बनाया। दोनों टीमों ने मिलकर कुल 69 बाउंड्री लगाईं, बाउंड्री यानी चौके और छक्के दोनों। साल 2010 में भी CSK बनाम RR के मैच में चेपॉक के मैदान में कुल 69 बाउंड्री लगी थीं। अब 2024 में हुए मुकाबले ने इस रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।

9. SRH ने लगाए इनिंग्स में 18 सिक्स, MI ने 20
SRH के बैटर्स ने मुंबई के खिलाफ पहली इनिंग में कुल 18 सिक्स लगाए। IPL की एक पारी में सबसे ज्यादा सिक्स के मामले में यह रिकॉर्ड तीसरे नंबर पर रहा। उनसे ऊपर RCB है, जिन्होंने 2013 में 21 सिक्स लगाए थे, जिनमें से 17 अकेले क्रिस गेल के बैट से निकले थे।

मुंबई ने भी दूसरी पारी में धीमी बैटिंग नहीं की और 20 ओवर में 20 सिक्स लगा दिए। इसी के साथ एक पारी में सबसे ज्यादा सिक्स के मामले में टीम दूसरे नंबर पर पहुंच गई।

10. एक टी-20 मैच में पहली बार 38 सिक्स लगे
टी-20 क्रिकेट में पहली बार एक मैच में 38 सिक्स लगे। बुधवार को SRH ने 18 और मुंबई ने 20 सिक्स लगाए। इससे पहले एक प्रोफेशनल टी-20 मैच में इतने ज्यादा सिक्स आज तक नहीं लगे थे। दोनों ने अफगानिस्तान और वेस्टइंडीज की टी-20 लीग में बने रिकॉर्ड को तोड़ा।

2018 में अफगानिस्तान प्रीमियर लीग के दौरान बाल्ख लीजेंड्स और काबुल ज्वानान के बीच मुकाबले में 37 छक्के लगे थे। वहीं, CPL में 2023 के दौरान सैंट किट्स & नेविस पैट्रियट्स और जमैका तालाव्हास के बीच मैच में भी 37 सिक्स लगे थे।

11. एक IPL मैच में सबसे ज्यादा सिक्स
SRH और मुंबई ने एक IPL मैच में सबसे ज्यादा सिक्स के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिए। 2018 में RCB और CSK के बीच मैच में कुल 33 सिक्स लगे थे, जबकि बुधवार को इससे 5 ज्यादा सिक्स लग गए।

12. टी-20 क्रिकेट के एक मैच में पहली बार 520 से ज्यादा रन बने
बुधवार को हैदराबाद और मुंबई के बीच में 523 रन बने, जो टी-20 क्रिकेट के एक मैच में पहली बार हुआ। SRH ने 277 और मुंबई ने 246 रन बनाए। IPL के इस मैच ने इंटरनेशनल क्रिकेट का रिकॉर्ड तोड़ा। साल 2023 में वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका के बीच हुए मुकाबले में सेंचुरियन के मैदान पर 517 रन बने थे। वेस्टइंडीज ने 258 रन और साउथ अफ्रीका ने 259 रन बनाए थे।

इसी रिकॉर्ड के साथ IPL का रिकॉर्ड भी टूटा। साल 2010 में CSK और राजस्थान रॉयल्स ने मिलकर चेपॉक मैदान पर 469 रन बनाए थे। इस दौरान चेन्नई ने 246 रन और राजस्थान ने 223 रन ही बना सका था।

13. MI ने दूसरी इनिंग में IPL का सबसे बड़ा स्कोर बनाया
MI के बैटर्स SRH का स्कोर चेज करने में भले ही नाकाम रहे, लेकिन उन्होंने दूसरी पारी यानी चेज में IPL का सबसे बड़ा स्कोर बना दिया। टीम ने 5 विकेट के नुकसान पर 246 रन बनाए। इससे पहले 2020 में राजस्थान रॉयल्स ने पंजाब के खिलाफ 226 रन बनाए थे। टीम ने शारजाह के मैदान पर 223 रन का टारगेट चेज किया था। इस मुकाबले में राहुल तेवतिया ने शेल्डन कॉटरेल के एक ओवर में 5 सिक्स लगाए थे।

खबरें और भी हैं…

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here