46 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

आज के दौर में महिलाएं पुरुषों के बराबर काम कर रही हैं और उनकी तरह ही मोटी सैलरी घर ला रही हैं। महिलाओं ने तो खुद को बदल दिया, लेकिन पुरुष बदलने के लिए तैयार नहीं हैं। वो महिलाओं से अपने बराबर की सैलरी तो चाहते हैं, लेकिन उनकी तरह घर के काम करने से बचते हैं।

घर और ऑफिस की दोहरी जिम्मेदारी निभाते हुए महिलाओं की थकान के साथ साथ खीझ भी बढ़ने लगती है। इसका असर पति-पत्नी के रिश्ते पर भी पड़ने पगता है।

चैट रूम में आज चर्चा एक ऐसे कपल की जहां पति घर की कोई भी जिम्मेदारी नहीं निभाना चाहता, लेकिन पत्नी से उम्मीद करता है कि वो बराबर की कमाई करे और घर का माहौल भी डिस्टर्ब न होने दे। रिलेशनशिप काउंसलर डॉ. माधवी सेठ बता रही हैं पति-पत्नी के रिश्ते में बढ़ते अभिमान और तनाव की वजहें और उनसे बचने के उपाय।

हमारी लव मैरिज हुई है। हमने करियर भी एक साथ शुरू किया। लेकिन अब मेरी पोस्ट और सैलरी पति से ज्यादा हो गई है। इससे हमारे रिश्ते में तनाव बढ़ने लगा है। हम दोनों घर की सामान ईएमआई चुका रहे हैं। लेकिन मेरी सैलरी बढ़ने के बाद पति का व्यवहार बदल गया।

पति अब बात-बात पर मुझे ताने देते हैं, घर का कोई काम नहीं करते और मुझसे उम्मीद करते हैं कि मैं ऑफिस के साथ घर के भी सारे काम करूं। मुझे समझ नहीं आ रहा कि मैं क्या करूं? पति के बदले हुए व्यवहार को फिर से कैसे ठीक करूं?

पति का व्यवहार बदलने की वजह आपकी बड़ी पोस्ट और सैलरी है। ऐसा कई महिलाओं के साथ होता है। पहले के मुकाबले अब पुरुषों के व्यवहार में काफी बदलाव आया है, लेकिन अभी भी काफी बदलाव की जरूरत है।

महिलाओं की स्थिति बदली है, लेकिन…

पहले महिलाओं को बाहर काम करने की इजाजत नहीं होती थी। ऐसे में जो पति इस बात के लिए राजी हो जाते थे कि उनकी पत्नी घर से बाहर निकलकर ऑफिस जा सकती है, उनकी पत्नी जिंदगीभर पति की एहसानमंद रहती थी। ऐसी महिलाएं इस बात से ही खुश हो जाती थीं कि पति के उन्हें करियर बनाने से रोका नहीं।

लेकिन अब समय काफी बदल गया है। अब महिलाएं अपने करियर को लेकर बहुत सीरियस हैं और लड़के भी वर्किंग वाइफ ही चाहते हैं। अच्छी लाइफस्टाइल के लिए पति-पत्नी दोनों का कमाना बेहद जरूरी हो गया है। ऐसे में महिलाओं को करियर बनाने से तो नहीं रोका जाता, लेकिन बीवी अगर पति से आगे निकल जाए तो घर माहौल बिगड़ने लगता है।

समय बदला है

अब तक परिवार में पुरुषों का ही वर्चस्व रहा है। पहले घर में कमाई करने वाले सिर्फ पुरुष ही होते थे, उनके अनुरूप ही घर के सारे निर्णय लिए जाते रहे हैं। लेकिन अब महिलाएं भी पुरुषों के बराबर कमाने लगी हैं। पुरुष भी यही चाहते हैं कि उनकी शादी ऐसी महिला से हो जो उनके साथ घर की आर्थिक जिम्मेदारी भी निभाए।

महिलाओं की कमाई से पुरुषों की इच्छा तो पूरी होने लगी, लेकिन पुरुषों ने खुद को बदला नहीं। पत्नी उनकी आर्थिक जिम्मेदारी बांटने लगी, लेकिन पति घर के कामों में पत्नी का साथ देने के लिए तैयार नहीं हुए। घर और ऑफिस की दोहरी जिम्मेदारी महिलाओं को मुश्किल लगने लगी। वो पति से घर के कामों में हाथ बंटाने की इच्छा जाहिर करने लगी।

पुरुष बदलने लगे हैं

कई पुरुष पत्नी के काम का बोझ बांटने लगे हैं। वो पत्नी के साथ मिलकर घर के काम करते हैं। लेकिन अभी भी ज्यादातर पुरुष इस बात को मानने के लिए तैयार नहीं होते कि पत्नी के साथ घर के काम करने में कोई बुराई नहीं है।

बीवी की तरक्की से तकलीफ

आज की लड़कियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। वो अपना करियर बनाने के लिए लड़कों की तरह ही जी तोड़ मेहनत कर रही हैं। बल्कि कई लड़कियां तो लड़कों से भी आगे निकल रही हैं। लेकिन ये स्थिति जब पति-पत्नी के बीच होती है तो घर का माहौल बिगड़ जाता है।

पत्नी जब तक पति के साथ चले तब तक कोई समस्या नहीं होती, लेकिन पत्नी अगर पति से आगे निकल जाए तो पति को तकलीफ होने लगती है। उनके रिश्ते में तनाव बढ़ने लगता है। पत्नी अगर पति से आगे बढ़ जाए तो पति के मन में असुरक्षा की भावना आ जाती है।

पत्नी की कमाई अगर पति से ज्यादा हो जाए तो पति के लिए ये बर्दाश्त करना मुश्किल हो जाता है। वो बात बात पत्नी को ताने देने या नीचा दिखाने की कोशिश करता है।

पत्नी की खीझ बढ़ने लगी

महिलाएं अब हर काम में पति का हाथ बंटाने लगी हैं। घर संभालने से लेकर घर की ईएमआई चुकाने तक वो हर काम में बराबर जिम्मेदारी निभाती है। लेकिन पति से जब उसे सपोर्ट नहीं मिलता तो खुद को ठगा हुआ महसूस करती है।

घर आकर जब पति किचन में हाथ नहीं बंटाते तो पत्नी की खीझ बढ़ने लगती है। वह खुद किचन में खटने की बजाय ऑनलाइन खाना ऑर्डर करती है और पति को परोस देती है। ऐसा करने के पीछे खुद को आराम देने के साथ साथ ये जताना भी होता है कि अगर तुम ऑफिस से आकर घर का काम नहीं कर सकते तो मुझसे भी इसकी उम्मीद मत करना।

बदलाव जरूरी है

पुरुष काफी हद तक बदल चुके हैं, लेकिन अभी भी काफी बदलाव की जरूरत है। जिस तरह साथ खेलते, पढ़ते, करियर बनाते हुए लड़के और लड़कियां आगे बढ़ रहे हैं, उसी तरह उन्हें गृहस्थी की जिम्मेदारियां आपस में बांट लेनी चाहिए। जब दोनों साथ मिलकर चलेंगे तो जिंदगी बहुत सुलझी हुई और आसान हो जाएगी। पत्नी अगर कुछ आगे बढ़ भी जाए तो पति को सच्चे दोस्त की तरह उसकी खुशी में खुश होना चाहिए। पति-पत्नी के रिश्ते में कॉम्पटीशन नहीं, प्यार और विश्वास जरूरी है।

खबरें और भी हैं…

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here